सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर ठगी का एक मामला राजस्थान से सामने आया है। जहां एक महिला के मोबाइल पर ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ से जुड़ा एक फर्जी मैसेज आया और महिला के साथ ठगी हो गई।
ठगों का जाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मैसेज में योजना की जानकारी देखने के नाम पर एक संदिग्ध लिंक दिया गया था। महिला ने इसे सरकार की ओर से भेजा गया सामान्य मैसेज समझकर जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनके राजस्थान ग्रामीण बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हो गए।
पीड़ित परिवार ने जब तुरंत बैंक पहुंचकर खाते की जांच कराई तो पता चला कि खाते से कुल 1,51,917 रुपये गायब हो चुके हैं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना उन सभी लोगों के लिए बड़ा अलर्ट है, जो पीएम किसान की किस्त, ई-केवाईसी या बैंक खाता अपडेट से जुड़े मैसेज मिलने पर बिना जांच-पड़ताल किए लिंक खोल देते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
पीएम किसान योजना की किस्त, ई-केवाईसी या बैंक खाते की स्थिति देखने के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट (pmkisan.gov.in) का ही प्रयोग करें। किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज में दिए गए लिंक (URL) को न खोलें। सरकार कभी भी लिंक भेजकर बैंक या पर्सनल डिटेल्स नहीं मांगती। पैसे कटते ही सबसे पहले अपने बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल करके खाते और एटीएम कार्ड को ब्लॉक कराएं।वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर जाकर शिकायत दर्ज कराएं।