Site icon Khabribox

सावधान: Truecaller पर ‘महात्मा गांधी’ देखकर न उठाएं फोन, साइबर ठगों का नया जाल, मिनटों में खाली कर रहें बैंक खाता

​देश दुनिया में साइबर ठगों का जाल बढ़ता जा रहा है। जो बड़ी संख्या में लोगों को अपना शिकार बना रहीं हैं। ऐसे में अब गांधी के नाम से देश भर में साइबर ठगी का नया जाल‌ फैल रहा है।

साइबर ठगों का जाल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर आपके मोबाइल स्क्रीन पर कॉलर का नाम ‘महात्मा गांधी’ दिखाई दे, तो सावधान हो जाएं। ठग लोगों की जिज्ञासा का फायदा उठाकर बैंक खाते खाली करने के लिए इस अनोखे हथकंडे का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस संबंध में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ‘ट्रूकॉलर’ (Truecaller) जैसे कॉलर आईडी ऐप किसी नंबर की आधिकारिक पुष्टि करने के बजाय कम्युनिटी डेटाबेस पर काम करते हैं। साइबर अपराधी इसी तकनीकी खामी का फायदा उठाकर नए या अनजान सिम कार्ड का नाम ‘महात्मा गांधी’, किसी सरकारी विभाग, पुलिस या वीआईपी के नाम से दर्ज कर देते हैं। जब उस नंबर से कॉल आती है, तो स्क्रीन पर यही चौंकाने वाला नाम फ्लैश होता है। इसे सुरक्षा विशेषज्ञ ‘सोशल इंजीनियरिंग’ कहते हैं, जहां हैकर्स व्यक्ति की उत्सुकता और भावनाओं को शिकार बनाते हैं। जिसमें डराने या लालच देने के बाद जालसाज गोपनीय जानकारियां जैसे—ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन, बैंकिंग विवरण या पासवर्ड हासिल कर लेते हैं। कई मामलों में संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या स्क्रीन-शेयरिंग ऐप डाउनलोड कराने के बहाने चंद मिनटों में पीड़ित का पूरा बैंक खाता खाली कर दिया जाता है।

​रहें सावधान

किसी भी अनजान नंबर पर लिखे नाम को अंतिम सत्य न मानें।किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग डिटेल या दस्तावेज किसी से साझा न करें। एसएमएस या व्हाट्सएप पर आए किसी भी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत फोन काटें और उस नंबर को अपने फोन व कॉलर आईडी ऐप में ‘Block’ और ‘Report Spam’ दर्ज करें।

Exit mobile version