April 20, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए कौन-कौन खिलाड़ी हैं नामित,देखिये पूरी लिस्ट

खेल मंत्रालय की ओर से सालाना दिए जाने वाले राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए अलग-अलग खेलों से खिलाड़ियों के नाम भेजे जा चुके हैं। खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए नामांकन भेजने की समय सीमा एक सप्ताह के लिए बढ़ाकर पांच जुलाई तक कर दी है। भारत के राष्ट्रीय खेल महासंघों को पहले 28 जून तक नामांकन भेजने थे, लेकिन बीते सोमवार को खेल मंत्रालय ने एक सर्कुलर में कहा, ‘नामांकन भरने की आखिरी तारीख 28 जून 2021 से बढ़ाकर पांच जुलाई 2021 कर दी गई है। टेनिस, मुक्केबाजी और कुश्ती समेत कई एनएसएफ नामांकन भेज चुके हैं जबकि बीसीसीआई कुछ दिन में भेजेगा।

74 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया था

पिछले साल ऑनलाइन समारोह में 74 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया था। इस दौरान पुरस्कार राशि में बड़ी बढ़ोतरी करते हुए खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं को 25 लाख रुपये, अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये, द्रोणाचार्य (जीवनपर्यंत) 15 लाख रुपये और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख रुपये पुरस्कार राशि के तौर पर दिए गए थे।

खेल रत्न पुरस्कार के लिए दुती चंद के नाम की सिफारिश

ओडिशा सरकार ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेलरत्न पुरस्कार के लिए फर्राटा धाविका दुती चंद के नाम की सिफारिश की है। दुती ने बीते माह पटियाला में इंडियन ग्रां प्री 4 में 100 मीटर में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर 11.7 सेकंड का समय निकाला था।

खेल रत्न के लिए अचिंत शरत कमल के नाम की सिफारिश

भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए अचिंत शरत कमल के नाम की सिफारिश की है। शरत कमल साल 2019 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले पहले टेबल टेनिस खिलाड़ी बने थे। विश्व रैंकिंग में 32वें नंबर पर काबिज शरत कमल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 2018 एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा होना रही थी जिससे भारत ने इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पहला टेबल टेनिस पदक जीता था।

खेल रत्न के लिए अंजुम और अंकुर मित्तल के नाम की सिफारिश

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए डबल ट्रैप विश्व चैम्पियन अंकुर मित्तल और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी अंजुम मोदगिल के नाम की सिफारिश की है। मित्तल ने 2018 में डबल ट्रैप विश्व खिताब जीता था और इसी वर्ष उन्हें अर्जुन पुरस्कार मिला था। अंजुम 2018 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं और उन्हें 2019 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया था।

खेल रत्न पुरस्कार के लिए नीरज चोपड़ा के नाम की सिफारिश

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा के नाम की सिफारिश प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की है। चोपड़ा को वर्ष 2018 में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

ज्योति की खेल रत्न और लिंबा राम की द्रोणाचार्य के लिए सिफारिश

भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने विश्व कप में तीन रजत पदक जीतने वाली ज्योति कुमारी की देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए सिफारिश की है। इसके अलावा एएआई ने पूर्व ओलंपियन और दिग्गज कोच लिंबा राम के नाम की सिफारिश द्रोणाचार्य (जीवन पर्यन्त) पुरस्कार के लिए की है।

खेल रत्न के लिए श्रीजेश और दीपिका के नाम भेजे

हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और महिला टीम की पूर्व सदस्य दीपिका के नाम राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भेजे हैं, जबकि ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह समेत तीन नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं।