उत्तराखंड के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके अकबर रोड स्थित शासकीय आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।
रक्षा मंत्री से मिले कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश में बड़े पैमाने पर सेना भर्ती रैलियां आयोजित कराने का अनुरोध किया। जिसमें उन्होंनेअपने पुराने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि जब वह पूर्व में लोकसभा में रक्षा मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष थे, तब उनके कार्यकाल के दौरान उत्तराखंड में रिकॉर्ड संख्या में सेना भर्ती रैलियों का आयोजन किया गया था, जिसका लाभ राज्य के युवाओं को मिला था। कहा कि उत्तराखंड अब शत-प्रतिशत साक्षर हो चुका है, जिससे यहाँ के युवा तकनीकी और मानसिक रूप से सेना के हर विभाग के लिए योग्य हैं। पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहाँ के युवाओं का फिजिकल स्टैमिना (शारीरिक क्षमता) प्राकृतिक रूप से बेहद मजबूत होता है। उत्तराखंड के लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य भारतीय सेना में रहकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहा है।
इन विंगों में भर्ती बढ़ाने की मांग
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री से विशेष आग्रह किया कि उत्तराखंड की इस समृद्ध सैन्य पृष्ठभूमि और युवाओं के जज्बे को देखते हुए राज्य में न केवल थल सेना, बल्कि कोस्ट गार्ड, नेवी, और एयर फोर्स की भी अधिक से अधिक भर्ती रैलियां आयोजित की जाएं, ताकि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के साथ-साथ देश सेवा का अवसर मिल सके।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।