March 29, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

महानवमी ‌के‌ अवसर पर रांची में युवक की चढ़ा दी गई बलि, आरोपी गिरफ्तार

झारखंड: रांची के तमाड़ से एक सनसनीखेज दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर अंधविश्वास के चलते 35 साल के एक युवक की बलि चढ़ा दी गई। घटना पिपाईदी गांव की है।पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। हत्या करने वाला युवक सुबह से ही लोगों से कह रहा था कि आज महानवमी है, किसी की बलि चढ़ानी होगी। मारा गया युवक पिपाईदी गांव का ही रहने वाला था।

हत्यारोपी सुबह से कह रहा था आज किसी की बलि देनी होगी

एसपी ग्रामीण नौशाद आलम ने बताया कि पिपाईदी गांव का रहने वाला तरुण कुमार महतो गुरुवार की सुबह से ही गांव में बोलते फिर रहा था कि आज महानवमी है। आज किसी की बलि देनी होगी। उसके बातों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों को लगा कि वह ऐसे ही बोल रहा है। इसी बीच उसने हराधन लोहरा को पकड़कर उसका गला चाकू से रेत दिया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तरुण को पकड़ लिया और हराधन को तत्काल अस्पताल लेकर भागे। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तरुण को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चाकू भी बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।