◆ अल्मोड़ा में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय योग कार्यशाला का समापन आज हो गया। कार्यशाला का विषय ‘नए विश्व के विकास में योग एवम भारतीय संस्कृति की भूमिका‘ था।
◆ मौसम विभाग ने आज से 21 अप्रैल तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के साथ ही गढ़वाल मंडल के अन्य जिलों में ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है।
◆ खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के अंतर्गत पूरा करने के निर्देश दिए।
◆ पिछले 36 घंटे में राज्य के 22 स्थानों पर आग की घटनाएं देखने को मिली है। इसमें करीब 20 दशमलव छह दो हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
◆ प्रदेश में जड़ी-बूटियों के सतत विकास के लिए आज देहरादून स्थित किसान भवन में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
◆ टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में 25 से 27 मई और 26 से 28 जून के बीच जी-20 के दो सम्मेलन होने प्रस्तावित हैं। सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी के तहत वन और तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने नरेंद्र नगर में जी-20 सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली।
◆ ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने संगठन से समृद्धि अभियान का शुभारंभ किया।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सैन्य धाम (शौर्य स्थल) निर्माण की उच्च स्तरीय बैठक में निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सैन्य धाम का स्वरूप भव्य एवं दिव्य हो, इसके लिए अन्य राज्यों के सैन्य धामों के कार्यों का समावेश भी इस धाम में किया जाए।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज स्विस एजुकेशन ग्रुप के कार्यकारी निदेशक क्लाडियो रैकनेलो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मण्डल ने भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से प्रदेश के युवाओं को पर्यटन के क्षेत्र में कौशल विकास के लिए सहयोग मांगा।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने केदारनाथ हेली सेवा के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए इस बार बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के आने की संभावना है।
उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (18 अप्रैल, मंगलवार, वैशाख, कृष्ण पक्ष, त्रयोदशी, वि. सं. 2080)
