आज 02 अक्टूबर है। आज इस साल का आखिरी सूर्यग्रहण लगने जा रहा है। आज 2 अक्टूबर 2024 को इस साल का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण लग रहा है। यह एक वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा जो दुनियाभर के कई हिस्सों में दिखाई देगा।
भारत में नहीं दिखेगा
साल 2024 का आखिरी सूर्य ग्रहण भारत में तो दृश्यमान नहीं होगा। इसलिए यहां इसका सूतक भी मान्य नहीं होगा। यह सूर्य ग्रहण साउथ अमेरिका, अंटार्कटिका, प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर और नॉर्थ अमेरिका में दिखाई देगा।
इतने बजे लगेगा सूर्यग्रहण
साल का दूसरा सूर्य ग्रहण सर्व पितृ अमावस्या की रात को लगेगा। यह ग्रहण 3 अक्टूबर को तड़के के समय खत्म होगा। सूर्य ग्रहण रात 9 बजकर 13 मिनट पर शुरू होकर सुबह 3 बजकर 17 मिनट तक चलेगा। यानी वलयाकार सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 6 घंटे 4 मिनट की होगी।
सूतक लगने पर नहीं किए जाते हैं पूजा-पाठ,धार्मिक अनुष्ठान और शुभ काम
जब भी कोई ग्रहण लगता है उसके पहले सूतक काल आरंभ हो जाता है। सूर्यग्रहण होने पर 12 घंटे पहले और चंद्र ग्रहण लगने पर 5 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। सूतक काल को अशुभ माना गया है इसलिए सूतक लगने पर पूजा-पाठ,धार्मिक अनुष्ठान और शुभ काम नहीं किए जाते हैं। मंदिर के पट बंद दो जाते हैं। ग्रहण में न तो खाना पकाया जाता है और न ही खाना खाया जाता है। ग्रहण के दौरान मंत्रों का जाप और ग्रहण के बाद गंगाजल से स्नान और दान किया जाता है। ग्रहण की समाप्ति होने पर पूरे घर में गंगाजल से छिड़काव किया जाता है।