07 सितंबर: आज साल का अंतिम चंद्र ग्रहण, भारत में यह रहेगा समय, जानें सूतक काल

आज 07 सितंबर 2025 है। आज साल का दूसरा व अंतिम चंद्र ग्रहण लग रहा है। चंद्र ग्रहण को ज्योतिष की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। चंद्रग्रहण का सूतक ग्रहण शुरू होने से ठीक नौ घंटे पहले से शुरू हो जाता है। यह चंद्र ग्रहण भाद्रपद पूर्णिमा पर लगने जा रहा है, जो कि भारत में भी दृश्यमान होगा। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। इस चंद्र ग्रहण की कुल अवधि 3 घंटे 28 मिनट की रहने वाली है।

यह रहेगा समय

भारतीय समयानुसार, 7 सितंबर को साल का आखिरी चंद्रग्रहण रात 9 बजकर 58 मिनट से शुरू हो जाएगा, जिसका समापन 8 सितंबर की अर्धरात्रि 1 बजकर 26 मिनट पर होगा। ज्योतिषियों की मानें तो, 7 सितंबर को दिखने वाला चंद्र ग्रहण एकदम लाल दिखेगा, जिसे ब्लड मून के नाम से भी जाना जाता है‌।
• सूतक काल प्रारंभ – 7 सितंबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर
• सूतक काल समाप्त – 8 सितंबर को देर रात 01 बजकर 26 मिनट तक

जानें पौराणिक कथा

कहा जाता है कि वैसे तो चंद्र ग्रहण एक भौगोलिक घटना है, लेकिन पौराणिक मान्यता है कि पूर्णिमा की रात राहु और केतु चंद्रमा को निगलने की कोशिश करते हैं, तब चंद्रमा पर ग्रहण लगता है। ऐसे में चंद्र देव पर आए इस संकट के काल में कोई भी शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। कहा जाता है कि ग्रहण के दौरान तमाम तरह की नकारात्मक शक्तियां प्रबल हो जाती हैं, जिससे हमारे आसपास की हर चीज प्रभावित होती है। यही वजह है कि इस दौरान पूजा-पाठ या धार्मिक अनुष्ठान भी नहीं किए जाते हैं। ग्रहण के समय मंदिर के कपाट भी बंद कर दिए जाते हैं। साथ ही कई लोगों का मानना है कि ग्रहण के दौरान चंद्रमा को नहीं देखना चाहिए।