आज 08 अक्टूबर 2025 है। आज भारतीय वायुसेना दिवस है। हमारे देश में प्रतिवर्ष 8 अक्टूबर को भारतीय वायु सेना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल भारत अपना 93वां वायु सेना दिवस मना रहा है।
भारतीय वायुसेना दिवस
भारतीय वायु सेना दिवस 2025 भारतीय वायु सेना (IAF) की 93वीं वर्षगांठ आज है । जिसमें भारतीय वायु सेना (IAF) की स्थापना की याद दिलाई जाती है और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं को सम्मानित किया जाता है जो लगातार देश के आसमान की रक्षा करते हैं। इस दिन को भारतीय वायु सेना के कार्यों और देश के लिए वायु सेना के योगदान को सराहा जाता है। इसके साथ ही भारतीय वायु सेना का स्थापना दिवस भी सेलिब्रेट किया जाता है। इस दिन भारतीय सेना की ओर से भी देश भर के वायु स्टेशनों से लड़ाकू विमानों द्वारा करतब दिखाए जाते हैं और भारतीय वायु सेना का शक्ति प्रदर्शन किया जाता है।
भारतीय वायुसेना का इतिहास
भारत और पाकिस्तान के विभाजन से पहले भारतीय वायुसेना की स्थापना हो चुकी थी। 8 अक्टूबर, 1932 को औपनिवेशिक शासन के अधीन अविभाजित भारत में वायुसेना की स्थापना की गई। भारत की वायुसेना द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल हुई, जिसके लिए किंग जार्ज VI ने सेना को ‘रायल’ प्रीफिक्स से नवाजा था। हालांकि देश की आजादी के बाद जब भारत गणतंत्र राष्ट्र बना तो प्रीफिक्स को हटा दिया गया।
जानें भारतीय वायुसेना के बारे में
भारतीय वायु सेना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वायुसेना है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित हिंडन वायुसेना स्टेशन एशिया में सबसे बड़ा है। भारतीय वायुसेना के अस्तित्व में आने के बाद से अब तक यह अपने ध्येय वाक्य ‘नभ: स्पृशं दीप्तम्’ के मार्ग पर चल रहा है। इसका अर्थ है ‘गर्व के साथ आकाश को छूना।’ वायु सेना के इस ध्येय वाक्य को भगवत गीता के 11वें अध्याय से लिया गया है। भारतीय वायुसेना का रंग नीला, आसमानी नीला और सफेद है।