आज 17 जनवरी 2025 है। आज 17 जनवरी को सकट चौथ है। हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण व्रतों में से एक सकट चौथ है। हिंदू पंचांग की गणना के अनुसार, यह व्रत हर साल माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस दिन महिलाएं भगवान गणेश की पूजा विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना करती हैं। साथ ही व्रत रखती है। इस व्रत को खासतौर पर माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र, तरक्की और सुख-शांति के लिए रखती हैं। सकट चौथ तिलकुटा चौथ, वक्र-तुण्डि चतुर्थी और माघी चौथ के नाम से भी जाना जाता है।
जानें शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि की शुरुआत 17 जनवरी को सुबह 04 बजकर 06 मिनट पर होगी। वहीं, इसका समापन 18 जनवरी को सुबह 05 बजकर 30 मिनट पर होगा।
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5 बजकर 27 मिनट से 6 बजकर 21 मिनट तक रहेगा।
लाभ मुहूर्त: सुबह 8 बजकर 34 मिनट से 9 बजकर 53 मिनट तक रहेगा।
अमृत मुहूर्त: सुबह 9 बजकर 53 मिनट से 11 बजकर 12 मिनट तक रहेगा।
अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12 बजकर 10 मिनट से 12 बजकर 52 मिनट तक रहेगा।
जानें पूजन विधि
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। सफेद या हल्के रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। पूजा के लिए तिल, गुड़, तिल के लड्डू, फल, फूल, दीपक, धूप, और लाल चंदन का उपयोग करें। सबसे पहले एक लकड़ी की चौकी पर लाल कपड़ा बिछा कर उस पर भगवान गणेश की प्रतिमा रखें। अगर प्रतिमा नहीं है, तो चित्र का भी प्रयोग कर सकते हैं। इसके बाद गणेश जी के सामने दीपक लगाएं और धूप जलाएं। फिर तिल, गुड़ और तिल के लड्डू गणेश जी को अर्पित करें। यह विशेष रूप से इस दिन का प्रमुख भोग है। गणेश जी की पूजा करते समय ॐ गण गणपति नमः और ॐ श्री गणेशाय नमः मंत्र का जाप करें।