आज 26 जून 2025 है। आज अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस है। हर साल यह दिवस 26 जून को मनाया जाता है। इसे नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है।
नशे की लत से होने वाले खतरों के बारे में किया जाता है जागरूक
इस दिन को मनाने का मकसद लोगों को नशे की लत से होने वाले खतरों के बारे में बताना है। साथ ही अवैध दवा व्यापार के जोखिमों के बारे में भी जागरूक करना है। शराब, सिगरेट, तम्बाकू एवं ड्रग्स जैसे जहरीले पदार्थों का सेवन कर युवा वर्ग का एक बड़ा हिस्सा नशे का शिकार हो रहा है। ऐसे में लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इसे मनाया जाता है।
जानें इसका इतिहास
साल 1987 में 7 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित किया गया था। जिसमें नशीली दवाओं के गैरकानूनी इस्तेमाल और अवैध तस्करी को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस मनाने की बात कही थी। पहली बार यह दिन साल 1989 में मनाया गया था और उसके बाद से हर साल इस दिन को मनाया जा रहा है।