उत्तरकाशी: उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
समारोह का आयोजन
इस भव्य समारोह में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग व बलिदान को नमन किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। राज्योत्सव के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान गोस्वामी गणेश दत्त विद्यालय के विद्यार्थियों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, ‘विकास पुस्तिका 2026’ का विमोचन भी किया गया। जानकारी दी गई कि जनपद में राज्य स्थापना दिवस के तहत 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
विकास कार्यों और सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही हमें उत्तराखंड राज्य मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, जिलाध्यक्ष भाजपा नागेन्द्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक मुख्यमंत्री किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, डीडीओ वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।