30 जनवरी: आज से माघ गुप्त नवरात्रि की शुरुआत, देवी के नौ रूपों का होगा पूजन, जानें घटस्थापना का शुभ मुहूर्त

आज 30 जनवरी 2025 है। आज से माघ नवरात्रि शुरू हो रहीं हैं। गुप्त नवरात्रि शुरू हो गई है। हिंदू पंचांग के अनुसार, साल में कुल चार नवरात्रि पड़ती हैं, जिनमें से दो गुप्त नवरात्रि, एक चैत्र और दूसरी शारदीय नवरात्रि होती हैं। गुप्त नवरात्रि माघ और आषाढ़ मास में आते हैं। पंचांग के अनुसार, माघ महीने में आने वाली गुप्त नवरात्रि साल की आखिरी गुप्त नवरात्रि होती है। इसे माघ शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक मनाया जाता है।

देवी दुर्गा की उपासना और उनकी 10 महाविद्याओं की होती है पूजा

हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2025 में माघ गुप्त नवरात्रि की शुरुआत 30 जनवरी, गुरुवार से हो रही है और इसका समापन 7 फरवरी, शुक्रवार को होगा। इन नौ दिन के दौरान मां दुर्गा के 9 अवतारों की आराधना की जाती है। गुप्त नवरात्रि गोपनीय साधनाओं के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसमें शक्तियों को प्राप्त किया जा सकता है।

सुबह-शाम करें सप्तशती का पाठ

गुप्त नवरात्रि के नौ दिनों में भी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। ज्योतिष महर्षि पंडित प्रकाश जोशी के अनुसार गुप्त नवरात्रि में नौ दिन के लिए कलश स्थापना की जा सकती है। यदि कलश की स्थापना की है तो सुबह-शाम मंत्र जाप, चालीसा या सप्तशती का पाठ करें। दोनों ही समय आरती करना भी अच्छा होगा। मां को दोनों समय भोग भी लगाएं। माघ गुप्त नवरात्रि में साधकों को नियमों के साथ कुछ विशेष मंत्रों का भी ध्यान रखना चाहिए, जिनका उच्चारण करने से मां भगवती प्रसन्न हो जाती है और भक्तों को सुख एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। ऐसे में साधकों को माघ नवरात्रि का शुभारंभ दुर्गा चालीसा के पाठ से अवश्य करना चाहिए।

जानें माघ गुप्त नवरात्रि में घटस्थापना का मुहूर्त

गुप्त नवरात्रि में घट स्थापना का विशेष महत्व होता है। इस बार घट स्थापना का शुभ मुहूर्त 30 जनवरी को सुबह 9:25 बजे से 10:46 बजे तक है। अभिजीत मुहूर्त में भी घट स्थापना कर सकते हैं। जो दोपहर 12:13 बजे से 12:56 बजे तक रहेगा।