हल्द्वानी से जुड़ी दुखद खबर सामने आई है। यहां कार की टक्कर से घायल बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस ने पहले ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है।
ट्यूशन पढ़कर पैदल घर लौट रहा था कुणाल
मुखानी थाना क्षेत्र के हरिपुर नायक मुखानी में रहने वाले दिनेश बसेरा का 10 साल का बेटा कुणाल बसेरा 24 मार्च को ट्यूशन पढ़कर पैदल घर लौट रहा था। इस बीच घर पास ही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। कुणाल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए दिल्ली ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उपचार करने से मना कर दिया। आनन-फानन में फिर से उसे हल्द्वानी लाया गया। यहां एक निजी अस्पताल में गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जल्द ही होगा आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस दादा रमेश बसेड़ा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है। वहीं, मुखाना एसओ रमेश बोहरा ने बताया कि कार को चिह्नित कर लिया गया है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।