अल्मोड़ा: चमोली में करेंट लगने से 16 लोगों की मौत पर उ.लो.वा. ने मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार दिए जाने की करी मांग

अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। 20 जुलाई 2023 चमोली में करेंट लगने से 16 लोगों की मौत पर उत्तराखण्ड लोक वाहनी ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा शोक संतप्त परिवारों के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है कि इन परिवारों को यह दुःख सहने की ताकत प्रदान करे।

घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर दर्ज होना चाहिए हत्या का मुकदमा

वाहनी ने कहा है कि राज्य बनने के बाद राज्य की हालत अत्यधिक खराब व अधिकारी लापरवाह हो गए हैं। चमोली की यह घटना दर्शाती है कि इस घटना में लोगों को बचाने जा रहे पुलिस कर्मी भी झुलस कर शहीद हो गए, ऐसी क्या मजबूरी थी कि एक व्यक्ति की मौत के बाद भी पावर कट नहीं हुआ। पन्द्रह अन्य लोग इसकी चपेट में आ गए। इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए तथा सम्बन्धित मन्त्री को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए त्यागपत्र दे देना चाहिए।

मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार दिए जाने की मांग

वाहनी ने कहा है कि राज्य में अफसरों का अधिकांश समय बैठकों में ही जा रहा है। अधिकारियों ने जनता से दूरियां बना ली है। यह प्रवृत्ति लोकतन्त्र के लिए घातक है। लोगों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र व सरकारी निर्देशों की अवहेलना आम बात हो गई है। उ लो वा ने मांग की है कि मृतक परिवारों को मुआवजा देना ही काफी नहीं है। दोषियों को दंड देने के साथ ही प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार दिया जाए।

मौजूद रहे

शोक व्यक्त करने वालों मे उलोवा के वरिष्ठ नेता जगत रौतेला, पूरन चन्द्र तिवारी, जंगबहादुर थापा ,अजेयमित्र सिंह बिष्ट, मु. हारिस, हरीश मेहता , दयाकृष्ण काण्डपाल, कुणाल तिवारी, बिशन दत्त जोशी, अजय मेहता आदि मौजूद रहे।