नैनीताल: संदिग्ध परिस्थिति में नर्सिंग की छात्रा ने फांसी के फंदे से लटककर जीवन लीला की समाप्त

नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां हल्द्वानी में मां और छोटे भाई के साथ किराये पर रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही जसपुर की छात्रा फंदे पर लटकी मिली। छात्रा को फंदे से उतार कर फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मौत के कारणों की कर रही है जांच

मेडिकल चौकी पुलिस के अनुसार वार्ड 3 जसपुर ऊधमसिंह नगर निवासी विकास कुमार जसपुर में वर्कशॉप में काम करते हैं। पत्नी, बेटी और बेटे के साथ हल्द्वानी के तल्ली बमौरी में किराये पर रहती हैं। बेटी अनुष्का (18) एक नर्सिंग कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई करती थी। शनिवार दोपहर अनुष्का पढ़ाई के बहाने अपने कमरे में चली गई। इस दौरान मां कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थीं। कुछ देर बाद जब वह नीचे आई तो बेटी का शव फंदे से लटक रहा था। महिला ने पड़ोसियों को बुलाकर बेटी के शव को नीचे उतारा और एक निजी अस्पताल में ले गई। यहां से उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया जहां चिकित्सकों ने अनुष्का को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मेडिकल चौकी प्रभारी हरिराम ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस जांच कर रही है।