नैनीताल। नशे के व्यापार के खिलाफ अभियान में नैनीताल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपए की स्मैक के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, आरोपियों में एक यूपी पुलिस का सिपाही है, जो इस वक्त यूपी के बरेली जिले में तैनात है,वहीं दूसरा आरोपी BDS का छात्र है।
उत्तराखंड पुलिस के इतिहास में अबतक की सबसे बड़ी स्मैक की खेप तब पकड़ी गई जब नैनीताल जिले के लालकुआं में पुलिस ने एक किलो 75 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी यूपी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जिनमें में से एक यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है।
पुलिस को देखते ही भागने की फिराक में थे आरोपी, पकड़े गए सभी आरोपी यूपी के
नैनीताल एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लालकुआं कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी ,तभी सुभाष नगर चेक पोस्ट पर पुलिस की नजर बाइक सवार तीन लोगों पर पड़ी पुलिस को देखकर बाइक सवार भगाने लगे,हालांकि पुलिस ने उन्हें भागने में कामयाब नहीं होने दिया और वहीं पर धर दबोचा।पुलिस ने जब तीनों की तलाशी ली तो उनके पास से एक किलो से ज्यादा स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है।
इसके बाद पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई, जहां आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुद के नाम मोरपाल, अर्जुन पांडे और रविंद्र सिंह बताया,आरोपी रविंद्र सिंह यूपी पुलिस में सिपाही है, जो इस समय यूपी के बरेली जिले में तैनात है। वहीं एक आरोपी होमगार्ड का बेटा है और बीडीएस का छात्र है।