आज के समय में हो रहे बदलावों के साथ मनुष्यों की जीवनशैली में बहुत से परिवर्तन आ रहें हैं। इसके साथ ही खान पान में भी बदलाव होने लगा है। ऐसे में हार्ट से संबंधित दिक्कतें भी बढ़ने लगी है।
लाइफस्टाइल में करें अच्छे बदलाव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खराब लाइफस्टाइल और अनहेल्दी डाइट आदि के कारण कई लोगों को हार्ट जैसी समस्याएं होने लगी हैं। हालांकि हार्ट के खतरे को कम करने के लिए जितना अपने लाइफस्टाइल में सुधार करना और सही डाइट लेना जरूरी है, उतना ही जरूरी हार्ट से जुड़ी अन्य कई बीमारियों की सही समय पर सही से पहचान करना भी बेहद जरुरी है। जिस पर न सिर्फ हार्ट के मरीजों को बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों को भी हार्ट से जुड़े किसी भी लक्षण या संकेत को नजरअंदाज न करने की सलाह दी जाती है।
शरीर देता है यह संकेत, न करें नजरंदाज
छाती में होती है परेशानी
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार यदि आपकी छाती में लगातार असहजता, दर्द या दबाव की समस्या बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शुरुआत में छाती में असहजता हल्की होती है जो समय के साथ बढ़ती जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक हार्ट अटैक के मामले में ज्यादातर लोगों को छाती के केंद्र में दर्द होता है जो कुछ मिनटों तक रह सकता है और फिर रुक जाता है। यह दर्द कुछ समय बाद फिर से हो सकता है, इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें।
सांस फूलने लगती है
सांस फूलना भी एक गंभीर बीमारी का संकेत है और खासतौर पर सुबह के समय यदि आपको इस प्रकार का कोई लक्षण महसूस होता है, तो इसे गलती से भी इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए। ऐसा इसलिए जिन लोगों को सुबह के समय या फिर नींद से जागने के तुरंत बाद सांस फूलने जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तो उनमें हार्ट से जुड़ी बीमारियों के संकेत देखे जा सकते हैं।
समय से जल्दी उठना
हार्ट के मरीजों में आमतौर पर सांस से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं, जैसे सांस लेने में तकलीफ या सांस फूलना आदि और यदि ये लक्षण सुबह के समय महसूस होते हैं, तो इनके कारण नींद से जाग सकते हैं। यदि आप भी इसी कारण से समय से पहले उठ गए हैं या फिर आपको लगता है कि आपको नींद के समय ये लक्षण होते हैं, तो डॉक्टर से संपर्क करें। हार्ट के अलावा ये लक्षण स्लीप एप्निया से जुड़े भी हो सकते हैं।
ज्यादा पसीना आने लगता है
यदि आप सामान्य तापमान में सो रहे हैं, तो आपको सोते समय पसीना नहीं आना चाहिए। हालांकि, कुछ लोगों को थोड़ा बहुत पसीना आ सकता है और इसलिए इसे सामान्य माना जाता है। लेकिन अगर आपको बहुत ज्यादा पसीना आ रहा है, तो यह हार्ट अटैक का शुरुआती संकेत भी हो सकता है और इसलिए डॉक्टर से जांच कराकर ही पुष्टि करनी चाहिए।
शरीर के ऊपरी हिस्से में होती है दिक्कत
हार्ट अटैक की समस्या में सीने में दर्द के अलावा शरीर के ऊपरी हिस्सों जैसे जबड़े, पेट, हाथ, गर्दन या पीठ में भी परेशानी का अनुभव हो सकता है। पहले माना जाता था कि बाएं हाथ और कंधे का दर्द दिल के दौरे से जुड़ा हुआ है। हालांकि अब विशेषज्ञ दाहिने हाथ में दर्द को भी एक संकेत के रूप में देखते हैं। ऐसे दर्द की स्थिति में डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
अस्वीकरण: यहां बताई गई जानकारी सुझाव के तौर पर बताई गई है। खबरी बाॅक्स इसकी पुष्टि नहीं करता है।