अल्मोड़ा: एसएसजे विवि ने गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत चलाया जागरूकता अभियान, दीपदान, गंगा आरती एवं ध्यान सत्र का किया आयोजन

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के योग विज्ञान विभाग, स्वामी विवेकानंद शोध एवं अध्ययन केंद्र तथा राष्ट्रीय स्वच्छ गङ्गा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय एवं राज्य परियोजना प्रबंध ग्रुप, नमामि गंगे उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 31 मार्च तक गंगा स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।

नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए दिलाई गंगा स्वच्छता शपथ

इसी क्रम में रविवार को नमामि गंगे अभियान के नोडल अधिकारी एवं योग विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ नवीन चन्द्र भट्ट के निर्देशन में योग विज्ञान के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के निकट बेतालेश्वर महादेव मंदिर परिसर एवं नदी तट पर स्वच्छता अभियान चलाया। जिसमें नदी एवं मन्दिर परिसर की सफाई की गयी। इसके उपरांत मन्दिर के पुजारी दिनेश चंद्र जोशी एवं महंत राहुल गिरी के सहयोग से दीपदान एवं गंगा आरती की गयी तथा योग विभाग के शिक्षक रजनीश जोशी ने सभी को गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए गंगा स्वच्छता शपथ दिलायी।

सामूहिक भोज का हुआ आयोजन

इस अवसर पर योग विज्ञान विभाग डॉ नवीन चन्द्र भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 सतपाल बिष्ट के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय नमामि गंगे अभियान के अंर्तगत निरन्तर विभिन्न समाजोपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। योग शिक्षिक लल्लन सिंह ने कहा कि गंगा स्वच्छता की जो शपथ हम सबने ली है उसे अपने जीवन में आत्मसात करने से ही हम गंगा को दूषित होने से रोककर उसकी पवित्रता एवं पावनता को बनाए रख सकते हैं।
इसके उपरांत बेतालेश्वर मन्दिर परिसर पर ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। इसके पश्चात योग विभाग की हेमलता अवस्थी ने भोले बाबा ने डमरू बजाया जरा एवं शंकर तेरी जटा में बहती है गंग धारा आदि भजनों का गायन किया गया। तत्पश्चात योग शिक्षक एवं विद्यार्थियों द्वारा भोजन बना कर सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। सभी ने भोजन मन्त्र के उपरांत भोजन ग्रहण किया।

इस मौके पर रहें उपस्थित

इस अवसर पर विभाग के योग  शिक्षक गिरीश अधिकारी,रजनीश जोशी,पूजा पांडे के साथ ही पूजा बोरा,कोमल कांडपाल,दीपा जोशी, हर्षिता नेगी ,नितिका ,दीपक बिष्ट,भावना अधिकारी,सोनिया बिष्ट, बीना पांडे,प्रमोद सिंह, जानकी संतोष,आशीष संतोलिया,दीपक परिहार,ललित खोलिया , कुनाल बिष्ट ,योगेश पांडे ,प्रियांशु , केशव सिंह ,पंकज राठौर मुकेश सिंह आदि छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।