अल्मोड़ा दुखद: जंगल में लगी भीषण आग, दो की मौत, जिंदगी और मौत से जूझ रहीं दो जिंदगियां

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में इन दिनों जंगलों में बढ़ती वनाग्नि की घटनाएं एक बड़ी चिंता का विषय बन गयी है। इससे वनों को काफी नुकसान हो रहा है। इसके अलावा जंगल‌ में बढ़ती आग की घटनाएं मानव जीवन के लिए एक खतरा बन रहा है।

जंगल में लगी आग हुई विकराल

अल्मोड़ा में लगी आग को बुझाने के चलते दो लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रसिद्ध कवि सुमित्रानंदन पंत के पैतृक गांव स्यूनराकोट के जंगल में अचानक आग लग गई। दोपहर करीब दो बजे राजकीय इंटर कालेज कमलेश्वर के पास जंगल में यह आग लगी। चार लीसा मजदूर आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाने का प्रयास करते समय एक श्रमिक आग की भीषण लपटों की चपेट में आ गया। जिसमें एक व्यक्ति दीपक बहादुर की मौत हो गई। जबकि तीन लोग तारा, पूजा, ज्ञानेश गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद इन श्रमिकों को उपचार के लिए अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बेस परिसर में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा के अस्पताल में इलाज के दौरान एक और श्रमिक ज्ञानेश ने दम तोड़ दिया। मृतक और घायल नेपाली मूल के हैं। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।