13 जनवरी: आज है पौष पूर्णिमा, स्नान दान का खास महत्व, यह रहेगा शुभ मुहूर्त

आज 13 जनवरी 2025 है। आज पौष पूर्णिमा है। इस साल 13 जनवरी के दिन पौष महीने की पूर्णिमा है, जो धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। पौष माह की पूर्णिमा को पौष पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है। पूर्णिमा के दिन महाकुंभ की शुरुआत हो रही है इसलिए पौष पूर्णिमा का महत्व और भी बढ़ गया है।

जानें शुभ मुहूर्त

पौष पूर्णिमा 13 जनवरी को है। इस दिन सुबह 5 बजकर 27 मिनट से सुबह 6 बजकर 21 मिनट तक का समय स्नान के लिए सबसे शुभ रहेगा। इसके साथ ही अभिजीत मुहूर्त में भी आप स्नान कर सकते हैं। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 9 मिनट से 12 बजकर 51 मिनट तक रहेगा। दान आप पूर्णिमा के दिन किसी भी समय कर सकते हैं।

जानें पूजन विधि

सुबह स्नान से पहले व्रत करने का संकल्प लिया जाता है। पवित्र नदी में नहाने के बाद भगवान को अर्घ्य दें । सबसे पहले सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाता है।  इस दिन विष्णु भगवान के साथ माता लक्ष्मी की पूजा- अर्चना भी करें।भगवान विष्णु के भोग में तुलसी को भी शामिल करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी के बिना भगवान विष्णु भोग स्वीकार नहीं करते हैं। इस बात का ध्यान रखें कि भगवान को सिर्फ सात्विक चीजों का भोग लगाया जाता है । भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें। इस पावन दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का अधिक से अधिक ध्यान करें।पूर्णिमा पर चंद्रमा की पूजा का भी विशेष महत्व होता है। चंद्रोदय होने के बाद चंद्रमा की पूजा अवश्य करें। चंद्रमा को अर्घ्य देने से दोषों से मुक्ति मिलती है। इस दिन आप ब्राह्मण या किसी जरूरतमंद को भोजन कराएं ।  इस दिन कंबल, गुड़, तिल जैसी चीजों का दान करना शुभ माना जाता है ।