अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले के धौलछीना क्षेत्र के दयारी गांव में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई।
एक युवक की मौत
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 10:10 बजे दयारी के पास पंचायत भवन के समीप एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में मोहित सिंह नगरकोटी (22) पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी दयारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल वाहन मालिक महेन्द्र सिंह निवासी दयारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल को अस्पताल में किया भर्ती
इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम, अउनि जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में, ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कार्य किया। जिस पर घायल महेन्द्र सिंह को तत्काल सरकारी अस्पताल अल्मोड़ा भिजवाया गया। शुक्रवार को मृतक मोहित सिंह के शव को धौलछीना पीएचसी में पुलिस की निगरानी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।