अल्मोड़ा: आग की चपेट में आई एक परचून एवं सस्ते गल्ले की दुकान, नगदी समेत यह सामान‌ जलकर राख

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी विकासखंड के आरतोला गांव में बीते सोमवार रात आग लगने की घटना सामने आई है।

दुकान में लगी आग

मिली जानकारी के अनुसार यहां एक परचून एवं सस्ते गल्ले की दुकान में अचानक आग लग गई। आरतोला निवासी जीवन सिंह आरतोला गांव में परचून और सस्ते गल्ले की दुकान का संचालन करते हैं। सोमवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब नौ बजे दुकान के पास रहने वाले ग्रामीणों ने दुकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दुकान स्वामी को दी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को भी मौके पर बुलाया। साथ ही लोगों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

आर्थिक मदद‌ की मांग

बताया कि आग की चपेट में आकर दुकान में रखी लगभग 35 हजार रुपये की नकदी, राशन सामग्री, परचून का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। कुल मिलाकर लगभग दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। सूचना मिलने पर राजस्व उपनिरीक्षक सुरेश अंडोला ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का आंकलन किया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।