अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत ग्वालाकोट में एक भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का आयोजन
शिविर का आयोजन उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल एवं सड़क से संबंधित रहीं। आयोजन के दौरान कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग 95 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 412 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, वहीं लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित विविध सामग्री का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, 420 आवेदन विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मौके पर ही भरवाए गए, जिससे आमजन को त्वरित सुविधा मिली।
दिए यह निर्देश
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम की भावना के अनुरूप संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य किया जाए।कार्यक्रम में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कैबिनेट मंत्री को आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा। यह शिविर शासन और प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुआ, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक प्राप्त हो सका
रहें उपस्थित
शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग अल्मोड़ा द्वारा जनोपयोगी प्रचार सामग्री का भी वितरण किया गया जिससे अधिक से अधिक लोग सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं जनहित में किये गये कार्यों एवं उपलब्धियों से परिचित हो सकें तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें। शिविर के दौरान जिला पंचायत सदस्य और जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।