अल्मोड़ा: मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक इंचार्ज पर गंभीर आरोप, जिलाधिकारी ने बुलाई आपातकालीन बैठक

​अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. आशीष जैन विवादों के घेरे में हैं। रेडक्रॉस सोसाइटी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की आपात बैठक तलब की है।

​तीमारदारों के आधार कार्ड जब्त करने का आरोप

​रेडक्रॉस पदाधिकारियों का आरोप है कि ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. आशीष जैन दूर-दराज के क्षेत्रों (बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ग्रामीण इलाकों) से आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को बेवजह परेशान कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि विशेष रूप से बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को ब्लड लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि कई मामलों में मरीजों के तीमारदारों के आधार कार्ड तक जब्त कर लिए जाते हैं, जो न केवल अमानवीय है बल्कि नियमों के भी विरुद्ध है।रेडक्रॉस ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक जैसी आपातकालीन सेवा में इस तरह की लापरवाही और दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

​सरकार की छवि को लग रहा पलीता

​रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने कहा कि ब्लड बैंक इंचार्ज की मनमानी के खिलाफ कॉलेज प्राचार्य द्वारा भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, यूथ अध्यक्ष अमित साह ‘मोनू’ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनहित में मेडिकल कॉलेज इसलिए खोला था ताकि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिल सकें, लेकिन डॉ. जैन की ‘अमानवीय हरकतों’ से सरकार के इन प्रयासों को नुकसान पहुँच रहा है।

​प्रशासन की कार्रवाई

​मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को ब्लड बैंक की आपातकालीन बैठक बुलाई है। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को उपस्थित रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि बैठक के बाद प्रशासन इस मामले में कोई बड़ा निर्णय ले सकता है।

रहें उपस्थित

जिलाधिकारी से मिल ज्ञापन सौंपने वालो में रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, रेडक्रॉस प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ,पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ जे सी दुर्गापाल, यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू ,यूथ रेडक्रॉस उपाध्यक्ष अर्जुन बिष्ट चीमा, यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी ,हरीश कनवाल,अनूप साह उपस्थित रहे।