अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। जनपद अल्मोड़ा में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को होटल हिमसागर में सफल समापन हुआ।
यह प्रशिक्षण ‘ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना’ (रीप) के तहत नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामजी शरण शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भूमिका ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक परिदृश्य को बदलने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “नवनियुक्त कार्मिक पूरी निष्ठा के साथ काम करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा दें। हमारा मुख्य लक्ष्य महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि करना और उनके सामाजिक स्तर को और अधिक सशक्त बनाना है।”
प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु
दो दिनों तक चले इस सत्र में एनआरएलएम द्वारा गठित और ग्रामोत्थान (रीप) द्वारा अपनाए गए क्लस्टरों के कार्मिकों को कई तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
• संसाधन प्रबंधन: स्थानीय संसाधनों का बेहतर और टिकाऊ उपयोग।
• बाजार संपर्क: उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार कर उन्हें बड़े बाजारों से जोड़ना।
• डिजिटल मार्केटिंग: सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रचार-प्रसार और ऑनलाइन विपणन।
80 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
इस कार्यक्रम में जिला स्तरीय परियोजना कार्मिकों, विभिन्न विकासखंडों के प्रतिनिधियों, सेल्स प्रोफेशनल्स और यंग प्रोफेशनल्स सहित लगभग 80 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के अंत में जिला परियोजना प्रबंधक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण धरातल पर सकारात्मक बदलाव लाएगा।