अल्मोड़ा: स्थानीय निवासियों और जनहित की मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद की तीन विधानसभा क्षेत्रों में हाल ही में सृजित की गई चार मदिरा दुकानों को आगामी वित्तीय वर्ष से बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इन क्षेत्रों में बंद होंगी दुकानें
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन दुकानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है, वे निम्नलिखित हैं।
• सोमेश्वर विधानसभा: दौलाघट स्थित विदेशी मदिरा की दुकान।
• द्वाराहाट विधानसभा: तिपोला एवं खेड़ा स्थित विदेशी मदिरा की दुकानें।
• रानीखेत विधानसभा: पातली स्थित देशी मदिरा की दुकान।
जनभावनाओं को प्राथमिकता
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनभावनाओं का सम्मान करना और समाज में एक संतुलित व उत्तरदायी व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने आबकारी विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
इस निर्णय के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों ने खुशी जाहिर की है, क्योंकि इन क्षेत्रों में नई दुकानों के खुलने का विरोध हो रहा था। अब आगामी वित्तीय वर्ष से इन स्थानों पर मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।