अल्मोड़ा: उत्तराखंड की साहित्यिक विरासत को समृद्ध करने वाले अल्मोड़ा के वरिष्ठ साहित्यकार श्याम सिंह कुटौला को सम्मानित किया जाएगा।
किया जाएगा सम्मानित
मिली जानकारी के अनुसार उन्हें’उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ के तहत प्रतिष्ठित गुमानी पंत पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से आज यानी 30 मार्च को देहरादून में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय स्थित ‘मुख्य सेवक सदन’ में यह सम्मान समारोह संपन्न होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा साहित्य जगत में विशेष योगदान के लिए उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
क्षेत्र में खुशी की लहर
मूल रूप से जैंती तहसील के सूरी गांव और वर्तमान में नगर के ढूंगाधारा निवासी श्याम सिंह कुटौला को यह सम्मान मिलने की घोषणा से अल्मोड़ा के प्रबुद्ध वर्ग में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर साहित्यकार डॉ. हयात सिंह रावत और विपिन जोशी ‘कोमल’ सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी है।