हल्द्वानी: उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) अपराध एवं कानून व्यवस्था, डॉ. वी. मुरुगेशन ने आज हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के पुलिस कप्तानों व राजपत्रित अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक
इस बैठक में एडीजी ने लंबित विवेचनाओं और ढीली कार्यप्रणाली को लेकर सख्त नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी।
इस बैठक के दौरान एडीजी मुरुगेशन ने महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई थानों में विवेचनाएं 60 दिन की अनिवार्य अवधि के भीतर पूरी नहीं की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इन्हें प्राथमिकता पर निपटाया जाए।
नशा तस्करों पर कसा जाएगा शिकंजा
ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश देते हुए एडीजी ने कहा कमर्शियल क्वांटिटी वाले मामलों में जांच की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। बड़े ड्रग तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। एडीजी ने पुलिस को ‘स्मार्ट’ बनने की नसीहत देते हुए निर्देश दिए कि ई-साक्ष्य (e-Sakshya) और NATGrid जैसे पोर्टल्स पर डेटा फीडिंग का काम तत्काल पूरा किया जाए। इसके अलावा, अज्ञात शवों की शिनाख्त और लापता बच्चों की तलाश के लिए तकनीक व प्रचार-प्रसार का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कहा कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपराध मुक्त समाज बनाना होना चाहिए।
दिए यह निर्देश
• CM हेल्पलाइन: शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण हो।
• लंबित माल: थानों में लंबित मालों का समय-समय पर भौतिक सत्यापन किया जाए।
• निरीक्षण: अधिकारी थानों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करें।
बैठक में रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और ऊधमसिंह नगर एसएसपी अजय गणपति सहित एसपी क्राइम रुद्रपुर जितेंद्र चौधरी, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और दोनों जिलों के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।