उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के लगभग दो लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। पिछले वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने (मार्च) के वेतन और पेंशन के भुगतान में हर साल आने वाली तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए शासन ने जरूरी निर्देश दिए हैं।
दिए जरूरी निर्देश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत वित्त सचिव दिलीप जावलकर द्वारा जारी आदेश के बाद अब अगले दो-तीन दिनों के भीतर भुगतान संभव हो सकेगा। सरकार के इस फैसले से राजकीय एवं सहायताप्राप्त शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारी, विश्वविद्यालयों एवं चिकित्सा विश्वविद्यालय के कार्मिक व प्रदेश के लगभग 2 लाख पेंशनभोगी को सीधा असर पड़ेगा। इस संबंध में वित्त सचिव ने बुधवार को सभी विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों और मुख्य कोषाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नए दिशा-निर्देशों के तहत ‘वचनबद्ध मदों’ के लिए तुरंत बजट प्राप्त किया जाए। साथ ही बजट की व्यवस्था होते ही वेतन और पेंशन का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।