उत्तराखंड में अगले 24 घंटे भारी, 5 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, 60 किमी की रफ्तार से आएगा तूफान, ओलावृष्टि की भी चेतावनी

उत्तराखंड: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून ने उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के लिए अगले 24 घंटों का गंभीर पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम का बदलेगा मिजाज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौसम विभाग के अनुसार, कल 04 अप्रैल, 2026 को राज्य के पांच जिलों में मौसम की मार देखने को मिल सकती है, जिसके चलते प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने विशेष रूप से निम्नलिखित पांच जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
• ​उत्तरकाशी
• ​रुद्रप्रयाग
• ​चमोली
• ​बागेश्वर
• ​पिथौरागढ़

सतर्क रहने की सलाह

​मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। भारी ओलावृष्टि से फसलों और बागानों को नुकसान पहुँच सकता है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा रहने की उम्मीद है, जो बढ़कर 60 किमी/घंटा तक जा सकती है। उपरोक्त पांच जिलों के अलावा, उत्तराखंड के अन्य जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।