उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अप्रैल माह से शुरू हो रहीं हैं। इसी बीच केदारनाथ धाम से जुड़ी खबर सामने आई है। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से ठीक एक दिन पहले, यानी 21 अप्रैल से हेली शटल सेवा शुरू करने की तैयारी है।
अप्रैल में शुरू होगी चारधाम यात्रा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (यूकाडा) जल्द ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के साथ बैठक कर सुरक्षित उड़ान के लिए मानक प्रचालन कार्यविधि (SOP) और अंतिम तिथि जारी करेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेली कंपनियों का चयन और किराया पहले ही तय किया जा चुका है। वहीं 10 से 12 अप्रैल के बीच टिकटों की बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है। इस बार भी टिकट बुकिंग की जिम्मेदारी IRCTC को सौंपी गई है। हेली सेवाएं गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से संचालित की जाएंगी। इस संबंध में बताया गया कि विभाग की कोशिश है कि हेली सेवा 21 अप्रैल से शुरू हो जाए ताकि कपाट खुलने के पहले दिन ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच सकें। जल्द ही डीजीसीए के साथ होने वाली बैठक के बाद उड़ानों का समय और सुरक्षा दिशा-निर्देशों की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।