नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के धाम ‘कैंची धाम’ और भवाली-भीमताल क्षेत्रों में उमड़ रही पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सप्ताहांत (वीकेंड) पर जाम के झाम से बचाने और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष ‘ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान’ जारी किया गया है। यह व्यवस्था अब से प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रभावी रहेगी।
भारी वाहनों के लिए ये रहेंगे नियम
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। इन वाहनों को वाया रामगढ़ और मुक्तेश्वर होकर हल्द्वानी भेजा जाएगा। हालांकि, आवश्यक सेवाओं (दूध, सब्जी, तेल आदि) से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित रूट पर चलने की छूट दी गई है, लेकिन भीड़ बढ़ने पर उन्हें भी भवाली मस्जिद तिराहे से पहले रोका जा सकता है।
निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा
कैंची धाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस ने पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है।
• भीमताल रूट: बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले पर्यटकों को अपने निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े करने होंगे। वहां से कैंची धाम तक जाने के लिए शटल सेवा (टैक्सी/बस) उपलब्ध रहेगी।
• नैनीताल/गेठिया रूट: गेठिया या नैनीताल की ओर से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहाँ से भी श्रद्धालु शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुँच सकेंगे।
पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था। वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे डायवर्जन प्लान का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।