अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज मंगलवार को खत्याड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम के संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
वृद्धाश्रम के संपर्क मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
इस दौरान डीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और कार्य में आ रही तकनीकी समस्याओं का जायज़ा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सड़क की वर्तमान स्थिति को देखा और विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क कटान के कारण जिन स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बना हुआ है, उनकी गहन जांच की जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए सड़क निर्माण को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
कहा- आसपास के भवनों की सुरक्षा सर्वोपरि
डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण के कारण आसपास के रिहायशी भवनों और अन्य संपत्तियों को किसी भी प्रकार का नुकसान या खतरा नहीं होना चाहिए। सभी जरूरी सुरक्षात्मक उपाय समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि सड़क को सुरक्षित, स्थिर और सुगम बनाने के लिए हर जरूरी तकनीकी कदम उठाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से मजबूत रिटेनिंग वॉल (पुश्ता निर्माण), बेहतर ड्रेनेज (निकासी) व्यवस्था और सही ढलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में जलभराव या सड़क धंसने जैसी समस्या न हो।
रहें मौजूद
इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता सहित विभाग के कई अन्य संबंधित अधिकारी और तकनीकी स्टाफ भी मौजूद रहें।