नैनीताल दुखद: भीषण सड़क हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत


नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक अनियंत्रित कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पांच लोगों की मौत

इस भयावह हादसे में कार सवार सभी पांच पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर (UP 32 QU 1874) की एक कार भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। जैसे ही कार ढैला गांव के समीप पहुंची, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। कार सीधे सड़क से नीचे 100 मीटर गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना स्थल घने जंगल के बीच होने के कारण काफी देर तक किसी को दुर्घटना का पता ही नहीं चला। कुछ समय बाद जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर खाई में क्षतिग्रस्त कार पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय लोग मौके के लिए रवाना हुए। क्षेत्र के बेहद दुर्गम होने और खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। हालांकि, जब तक टीम नीचे पहुंची, तब तक कार में सवार सभी पांचों लोग दम तोड़ चुके थे। मृतकों में एक बच्चा, दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
​जांच कर रही पुलिस

​दिल दहला देने वाले इस हादसे की सूचना मिलते ही एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, सीओ रविकांत सेमवाल और कोतवाल प्रकाश मेहरा भारी पुलिस बल और आपदा प्रबंधन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला। प्रथम दृष्टया सभी मृतक यूपी के पर्यटक प्रतीत हो रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।