उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में उमड़ रहा आस्था का सैलाब: केदारनाथ में एक महीने में ही बना नया रिकॉर्ड, इतने लाख श्रद्धालु पंहुचे दर्शन को

उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जारी है। चारधाम यात्रा का आगाज अप्रैल माह से हुआ था। जो जारी है। वहीं चारों धामों में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ रहा है।

कारोबारियों के खिले चेहरे

यात्रा के शुरुआती दिनों से ही बाबा केदार के दर्शनों के लिए रिकॉर्ड तोड़ भीड़ पहुंच रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रतिदिन औसतन 28 से 30 हजार श्रद्धालु केदारनाथ धाम आ रहे हैं। यात्रा के पहले 30 दिनों के भीतर ही 7.5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन को पहुंचे हैं। जो कि पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 30 हजार अधिक है। इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं यात्रा के दौरान अब तक 28,375 श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाया है, जबकि घोड़ा-खच्चर सेवाओं के जरिए डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक केवल हेली सेवा से ही अब तक करीब ₹28 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। यात्रा के पहले एक महीने के भीतर ही ₹200 करोड़ से अधिक का कुल कारोबार हो चुका है।
​श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा

​चारों धामों (बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री) में अब तक कुल मिलाकर लगभग 19 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। गुरुवार को बद्रीनाथ धाम में रिकॉर्ड 26,711 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो इस सीजन में एक दिन की सबसे बड़ी संख्या है। यमनोत्री धाम में गुरुवार को पहली बार सर्वाधिक 16,694 श्रद्धालु पहुंचे, जिसने बीती 18 मई का रिकॉर्ड (16,136 यात्री) तोड़ दिया। गुरुवार को चारों धामों को मिलाकर कुल 87,277 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे, जो इस यात्राकाल में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है।