कुमाऊँ रेजिमेंट से प्रशिक्षण पूरा कर लौटे अग्निवीर रोहित नेगी, हुआ भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित

सगीना (नौबा): देश सेवा के संकल्प के साथ कुमाऊँ रेजिमेंट सेंटर, रानीखेत में छह माह का कठोर एवं अनुशासित सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर घर लौटे क्षेत्र के युवा अग्निवीर रोहित नेगी का ग्राम सगीना में जोरदार स्वागत किया गया।

किया सम्मानित

इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने रोहित नेगी (पुत्र प्रदीप नेगी) को सम्मानित किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन रावत एवं ग्राम प्रधान आनंद प्रकाश ने अग्निवीर रोहित नेगी को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रोहित की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि गाँव के एक युवा का भारतीय सेना का हिस्सा बनना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

जताई खुशी

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए और नवीन रावत‌ क्षेत्र पंचायत सदस्य ने कहा कि हमारे क्षेत्र के युवा रोहित नेगी ने अपने अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प से यह उपलब्धि हासिल की है। हमें पूरा विश्वास है कि वह भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा देकर क्षेत्र एवं देश का नाम और अधिक ऊँचा करेंगे। आनंद प्रकाश ग्राम प्रधान ने कहा कि रोहित की सफलता गाँव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना हमारा सामाजिक दायित्व है। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और परिजन मौजूद रहे।