अल्मोड़ा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा यूथ क्लब द्वारा पांडेखोला बाईपास स्थित हाईडिल नौले में स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
इस कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारों के साथ जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, पेड़ लगाने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने नौले के आसपास विभिन्न प्रजातियों के लगभग 25 पौधों का रोपण किया। बच्चों और युवाओं ने पर्यावरण विषयक कविताओं का पाठ किया तथा अपने विचार साझा करते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन से संदीप, जगमोहन, मुक्ता, अनुष्का एवं संगीता उपस्थित रहे। अल्मोड़ा यूथ क्लब से विकास, मीनाक्षी, समता और धीरज ने कार्यक्रम के संचालन एवं आयोजन में सहयोग किया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से तुलसी, संदीप सिंह नयाल व पंकज भगत आदि लोग शामिल हुए। इस अवसर पर स्थानीय निवासी गिरीश भट्ट एवं नंदन राम ने हाईडिल नौले के इतिहास, महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नौले की नियमित साफ-सफाई, संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों की सहभागिता बढ़ सके।