अल्मोड़ा: 17 जून से अल्मोड़ा दौरे पर राज्यपाल गुरमीत सिंह, एसएसजे विवि के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल, जागेश्वर और कैंची धाम में भी करेंगे दर्शन, देखें पूरा कार्यक्रम

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) कल बुधवार, 17 जून से अल्मोड़ा जिले के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जिसमें राज्यपाल अपने इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान सोबन सिंह जीना (SSJ) विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं कुमाऊं के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना भी करेंगे। राज्यपाल के तीन दिवसीय दौरे को देखते हुए अल्मोड़ा जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है। प्रशासन की ओर से राज्यपाल के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।


​राज्यपाल का पूरा कार्यक्रम

17 जून: बिनसर आगमन


• ​राज्यपाल बुधवार सुबह नैनीताल से अल्मोड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।
• ​सुबह 11:00 बजे वह बिनसर स्थित केएमवीएन (KMVN) टूरिस्ट गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहाँ वे विश्राम करेंगे।


18 जून: दीक्षांत समारोह, प्रशासनिक बैठक और मंदिर दर्शन


• ​विश्वविद्यालय दौरा: राज्यपाल एसएसजे (SSJ) विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचेंगे।
• ​समीक्षा बैठक: समारोह के बाद वे सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ एक ब्रीफिंग बैठक करेंगे, जिसमें विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
• ​देव दर्शन: इसके बाद राज्यपाल वृद्ध जागेश्वर, दंडेश्वर मंदिर और प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और भगवान शिव का आशीर्वाद लेंगे।


19 जून: स्वामी विवेकानंद आश्रम और कैंची धाम का दौरा


• ​अपने दौरे के आखिरी दिन राज्यपाल आरतोला से काकड़ीघाट स्थित स्वामी विवेकानंद ध्यान आश्रम पहुंचेंगे।
• ​आश्रम में कुछ समय ध्यान और प्रवास करने के बाद, वे सीधे बाबा नीम करोली के विश्व प्रसिद्ध धाम ‘कैंची धाम’ के दर्शन के लिए रवाना होंगे। कैंची धाम में दर्शन के बाद वे वापस नैनीताल लौट जाएंगे।