दीजिए बधाई: अल्मोड़ा का लाल दीपक पांडे  सेना में बना लेफ्टिनेंट, आईएमए देहरादून में पासिंग आउट परेड के बाद पूरा किया दादा का सपना

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के युवाओं का भारतीय सेना से हमेशा से खासा नाता रहा है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अल्मोड़ा जिले के मल्ला सालम (बसंतपुर, हाल निवासी मकेड़ी) के दीपक पांडे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं।

दीपक पांडे भारतीय सेना में बनें लेफ्टिनेंट

जानकारी के अनुसार देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित पासिंग आउट परेड (POP) के बाद दीपक आधिकारिक रूप से सेना में सैन्य अधिकारी के रूप में शामिल हो गए हैं। दीपक पांडे बचपन से ही होनहार छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा अल्मोड़ा के सीएम मेमोरियल और कूर्मांचल एकेडमी से पूरी की। दीपक के पिता मनोज पांडे अल्मोड़ा में एक व्यवसायी हैं और माता किरन पांडे एक कुशल गृहणी हैं। दीपक की इस बड़ी उपलब्धि पर भावुक होते हुए माता-पिता ने बताया कि दीपक का सेना में अधिकारी बनना उनके दिवंगत दादा जी का सबसे बड़ा सपना था। आज दीपक ने देश सेवा की राह चुनकर अपने दादा जी के उस सपने को हकीकत में बदल दिया है। यह पूरे परिवार के लिए बेहद गर्व का पल है।


​खुशी की लहर

​जैसे ही देहरादून से दीपक के लेफ्टिनेंट बनने की खबर अल्मोड़ा पहुंची, उनके पैतृक गांव मल्ला सालम और वर्तमान निवास मकेड़ी में बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दीपक की इस कामयाबी पर खुशी जताई है।