अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा शहरी विकास निदेशालय, देहरादून के निर्देशों पर नगर निगम, अल्मोड़ा के सभी निकायों में 01 जून से 30 जून 2026 तक एक महीने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
शिविर का आयोजन
बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स (फेरी व्यवसायियों) को ‘पीएम स्वनिधि योजना’ से जोड़कर लाभान्वित करना है। इसी कड़ी में बीते कल 18 जून को सेंसस टाउन खत्याड़ी के पंचायत घर में एक विशेष ‘स्वनिधि शिविर’ का आयोजन किया गया। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि इस एक माह के विशेष अभियान को तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है।
1. जिला स्तर पर: स्वनिधि महोत्सव
2. निकाय स्तर पर: लोक कल्याण मेलों का आयोजन
3. सेंसस टाउन स्तर पर: ‘स्वनिधि शिविर’ का आयोजन
ग्रामीण क्षेत्रों के फेरी व्यवसायियों को बड़ी राहत
शिविर का संचालन कर रहे सामुदायिक संगठनकर्ता रमेश तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने अब पीएम स्वनिधि योजना का दायरा बढ़ाकर इसे सेंसस टाउनों (शहरी क्षेत्र से लगे अर्द्ध-शहरी/ग्रामीण क्षेत्र) में भी लागू कर दिया है। इसके तहत अल्मोड़ा के खत्याड़ी ग्रामीण क्षेत्र को सेंसस टाउन के रूप में चयनित किया गया है। अब नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ इन क्षेत्रों के पात्र फेरी व्यवसायी भी संस्थागत ऋण (लोन), डिजिटल लेनदेन की ट्रेनिंग और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। शिविर के दौरान पात्र व्यवसायियों का सर्वेक्षण किया गया और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार भी हुआ। बताया कि पीएम स्वनिधि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
रहे मौजूद
इस मौके पर खत्याड़ी क्षेत्र के कई स्थानीय छोटे व्यवसायी मौजूद रहे। इसके साथ ही ग्राम्य विकास हवालबाग से कनिष्ठ सहायक गुड्डु कुमार, खत्याड़ी के ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, नगर निगम कार्यालय से डेटा एंट्री ऑपरेटर दीपा जोशी और सामुदायिक संगठनकर्ता गीता भट्ट सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।