अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा द्वारा आज जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय राजनीति को नई दिशा देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाई गई।
दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रहित में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन भारतीय राजनीति में राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण की अनुपम मिसाल है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जिस विचारधारा को लेकर संघर्ष किया, आज वही विचारधारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 का हटना डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राष्ट्रवादी राजनीति के आधार स्तंभ थे डॉ. मुखर्जी: महेश नयाल
भाजपा जिलाध्यक्षमहेश नयाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक ही नहीं बल्कि राष्ट्रवादी राजनीति के आधार स्तंभ थे। आज भाजपा जिस मजबूत संगठनात्मक ढांचे और वैचारिक मजबूती के साथ देश की सेवा कर रही है, उसकी नींव डॉ. मुखर्जी ने ही रखी थी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता उनके जीवन से प्रेरणा लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने डॉ. मुखर्जी के जीवन को संघर्ष, साहस और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने संकल्प दोहराया कि नगर मंडल अल्मोड़ा उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के बीच जनसेवा के कार्यों को गति देता रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।
रहे उपस्थित
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष सहित युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल,नगर निगम मेयर अजय वर्मा, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला महामंत्री प्रकाश बिष्ट, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश खोलिया, जिला मंत्री मनोज जोशी ,नगर महामंत्री पार्षद अर्जुन बिष्ट, चीमा,जिला मीडिया प्रभारी मदन बिष्ट, पूनम पालीवाल,त्रिलोक राम, चन्दन लाल टम्टा,आनंद भोज,गौरव भंडारी ,आशीष डोगरा ,चन्दू पालीवाल, निशा बिष्ट, दीपिका बिष्ट,अभिषेक तिवारी ,रोहित भोज आदि लोग उपस्थित रहे।