उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रहने वाले और वर्तमान में असम के डिब्रूगढ़ में तैनात सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट सोहन सिंह रावत ने एक नया इतिहास रचा है।
रचा इतिहास
उन्होंने साइकिलिंग की दुनिया में एक अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 58 वर्षीय सोहन सिंह रावत ने मात्र सात वर्ष और पांच माह के रिकॉर्ड समय में एक लाख मील (लगभग 1.61 लाख किलोमीटर) की दूरी साइकिल से सफर तय किया है। यह दूरी पृथ्वी के चार चक्कर लगाने के बराबर है।
2018 से शुरू हुआ सफर
सोहन सिंह रावत ने अगस्त 2018 में अपने कार्यालय आने-जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल शुरू किया था। जनवरी 2019 से उन्होंने अपनी प्रत्येक यात्रा का आधिकारिक रिकॉर्ड फिटनेस एप और साइकिलिंग डिवाइस पर दर्ज करना शुरू किया। उन्होंने साइकिल से ही उत्तराखंड की कठिन और दुर्गम यात्राएं पूरी की हैं, जिनमें चारधाम और पंच केदार, बूढ़ा केदार और बिन्सर महादेव, दयारा बुग्याल, हनोल और श्री कार्तिक स्वामी मंदिर व असम में तैनाती के दौरान उन्होंने गुवाहाटी-डिब्रूगढ़-गुवाहाटी के बीच 1000 किलोमीटर का चुनौतीपूर्ण ‘अल्ट्रा साइकिलिंग’ अभियान भी सफलतापूर्वक पूरा किया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान
साइकिलिंग में उनकी लंबी दूरी की सहनशक्ति को देखते हुए उन्हें तीन बार ‘सुपर रेंडोनियर’ के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘आडेक्स क्लब पेरिसियन’ द्वारा एन्ड्यूरेंस साइकिलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों को दिया जाता है।