देशदुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। 100 साल के लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी हो रही है।
महिला टीम की एंट्री
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस ऐतिहासिक आयोजन में टी20 फॉर्मेट में पुरुष और महिला वर्ग में 6-6 टीमें स्वर्ण पदक के लिए आमने-सामने होंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दरअसल क्वालिफिकेशन के नए नियमों के तहत, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2028 ओलंपिक के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। नियम के अनुसार, अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया महाद्वीप से टी20 विश्व कप 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों को ओलंपिक का कोटा दिया जाना था।
भारतीय महिला टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में यह कोटा हासिल किया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया (ओशिनिया), दक्षिण अफ्रीका (अफ्रीका) और इंग्लैंड (यूरोप) भी अपने-अपने महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व करते हुए क्वालीफाई कर चुके हैं।
पुरुष टीम के लिए चुनौती
ICC की शर्तों के अनुसार, पुरुषों के टूर्नामेंट के लिए पांच टीमों का चयन 31 दिसंबर 2026 तक की ICC पुरुष टी20 रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा। अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमें ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी, बशर्ते वे विश्व रैंकिंग में टॉप-15 में हों। टीम इंडिया को 31 दिसंबर 2026 तक एशिया की नंबर-1 टी20 टीम बने रहना होगा, तभी उन्हें सीधा टिकट मिलेगा। यदि भारतीय पुरुष टीम रैंकिंग के जरिए सीधे क्वालीफाई करने से चूक जाती है, तो उनके पास ‘फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट’ (FOGQT) का विकल्प होगा। इस टूर्नामेंट में दुनिया की आठ सर्वश्रेष्ठ पात्र टीमें आपस में भिड़ेंगी और विजेता टीम को ओलंपिक में जगह मिलेगी।