अल्मोड़ा: जागेश्वर श्रावणी मेला 2026: जागेश्वर धाम में 16 जुलाई से शुरू होगा आस्था का महाकुंभ, एक माह तक चलेगा श्रावणी मेला

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले वार्षिक श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

बैठक का आयोजन

इसी संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज बुधवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और मेले के सफल संचालन के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। इस बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष श्रावणी मेला 16 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्षों के आंकड़ों और श्रद्धालुओं के बढ़ते रुझान को देखते हुए इस बार पर्यटकों और भक्तों की संख्या में काफी वृद्धि होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
​श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि: डीएम

​जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि जागेश्वर धाम आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय आजीविका का बड़ा आधार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान ट्रैफिक जाम न हो, इसके लिए प्रभावी पार्किंग प्रबंधन किया जाए। पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

रहें मौजूद

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी (जैंती/भनोली) सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार एवं जागेश्वर मंदिर समिति की प्रबंधक ज्योति धपवाल के साथ-साथ मंदिर के हितधारक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।