अल्मोड़ा: उत्तराखण्ड सरकार की अनूठी पहल ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026’ के तहत रविवार देर रात अल्मोड़ा से 40 चयनित श्रद्धालुओं का जत्था देहरादून के लिए रवाना हुआ।
हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
इस मौके पर अल्मोड़ा रोडवेज बस स्टेशन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को भावभीनी विदाई दी। यात्रा दल को विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया। देहरादून पहुँचने के बाद ये श्रद्धालु प्रदेश के अन्य 12 जनपदों से आए यात्रियों के साथ जुड़ेंगे। वहाँ से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
प्रदेश भर से सोमनाथ पहुँचेंगे ‘पवित्र जल कलश’
इस यात्रा की एक विशेष विशेषता यह है कि उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से पवित्र जल से भरे कलश भी साथ ले जाए जा रहे हैं, जिन्हें सोमनाथ धाम में अर्पित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस यात्रा में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, भोजन और स्थानीय परिवहन की पूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की गई है। इस यात्रा को समावेशी स्वरूप देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल किया गया है। इसमें वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों के निवासी, कलाकार, स्ट्रीट वेंडर, गिग वर्कर्स, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और स्वयंसेवक भी शामिल हैं।