बागेश्वर: आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार’ की प्रथम त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (ADM) एन. एस. नबियाल ने की। बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई कम सैंपलिंग पर एडीएम ने गहरा असंतोष जताया और अधिकारियों को नियमित व प्रभावी ढंग से सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल ने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी छोटे और बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों (दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंटों आदि) का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराया जाए। पुराने पड़े लाइसेंस और पंजीकरणों का समय सीमा के भीतर नवीनीकरण सुनिश्चित किया जाए। सभी छात्रावासों (हॉस्टलों), आश्रम पद्धति विद्यालयों तथा मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले संस्थानों की नियमित जांच की जाएगी। भोजन तैयार करने वाले स्थानों पर स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा ताकि बच्चों को पोष्टिक और सुरक्षित आहार मिल सके।
रहें मौजूद
समीक्षा बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. प्रकाश चंद्र फुलारा ने विभागीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से खाद्य सामग्री के कुल 21 सैंपल एकत्र किए हैं।बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू नेगी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।