उत्तराखंड: उत्तराखंड में त्रिपुरा के 24 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा की क्रूर हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी को भारत लाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
भारत लाने की राह आसान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वारदात के बाद से पिछले 6 महीने से नेपाल में छिपे मुख्य आरोपी को अब भारत लाने की राह आसान हो गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। इससे पहले आरोपी पर 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। यह सनसनीखेज मामला देहरादून के सेलाकुई इलाके का है। पिछले साल 9 दिसंबर को एमबीए के छात्र एंजेल चकमा पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उनके छोटे भाई भी जख्मी हो गए थे। हमले के बाद एंजेल 17 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ते रहे और आखिरकार 26 दिसंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने कहीं यह बात
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि चकमा पर पहले नस्लभेदी टिप्पणियां की गईं और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। हालांकि, जांच के बाद देहरादून पुलिस ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि हत्या आपसी झगड़े के बाद हुई थी और इसमें नस्लभेदी टिप्पणियों का कोई एंगल नहीं था। इस हत्याकांड में पुलिस ने कुल छह लोगों को नामजद किया था। मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी को छोड़कर पुलिस बाकी पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल थे, जिन्हें हाल ही में किशोर न्याय बोर्ड से जमानत मिल चुकी है। वहीं घटना के बाद से ही यज्ञराज पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था और जांच में उसके नेपाल भागने की पुष्टि हुई थी। दून पुलिस काफी समय से उसके प्रत्यर्पण की कोशिशों में जुटी थी। इसी कड़ी में अब आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करा दिया गया है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद जल्द ही मुख्य आरोपी को देहरादून लाया जाएगा।