उत्तराखंड समेत पूरे देश में लागू हुआ स्वदेशी ‘सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम’, लोगों को मोबाइल पर सीधे मिलेंगे आपदा का अलर्ट

उत्तराखंड: आपदा संभावित राज्य उत्तराखंड सहित पूरे देश में अब आपातकालीन अलर्ट और आपदा की चेतावनी सीधे प्रभावित क्षेत्र के लोगों के मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी।

लागू होगी यह व्यवस्था

केंद्र सरकार ने स्वदेशी ‘सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम’ (CBS) को देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लागू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्यसभा सदस्य डॉ. नरेश बंसल द्वारा पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्र सरकार ने यह जानकारी दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने सदन में बताया कि सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DoT) द्वारा विकसित यह स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम अधिकृत सरकारी एजेंसियों को किसी भी आपदा प्रभावित क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ इमरजेंसी अलर्ट भेजने की ताकत देता है। इस प्रणाली को देश के सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के माध्यम से सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है। इस व्यवस्था के लागू होने से आपदा के समय लोगों तक समय रहते सटीक जानकारी पहुंच सकेगी।