अल्मोड़ा: जीआईसी नैलवालपली का सुलझा नामकरण विवाद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अंबा दत्त के नाम पर रखे जाने पर बनी सहमति, जानें

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) नैलवालपली का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर रखे जाने को लेकर चला आ रहा विवाद बुधवार को आखिरकार समाप्त हो गया है।

बनी सहमति

जानकारी के अनुसार प्रशासन की पहल पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है, जिसके तहत मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के अनुसार विद्यालय का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अंबा दत्त के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही, दूसरे पक्ष की भावनाओं का आदर करते हुए उनके स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के नाम पर क्षेत्र के किसी अन्य सरकारी विद्यालय या मुख्य सड़क का नामकरण करने पर भी सहमति बनी। इस समाधान के बाद दोनों पक्षों ने कागजात पर हस्ताक्षर किए।
​जानें क्या था मामला

​दरअसल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 सितंबर 2023 को जीआईसी नैलवालपली का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अंबा दत्त के नाम पर करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद क्षेत्र के एक अन्य परिवार ने खुद को असली सेनानी का वंशज बताते हुए इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके चलते दोनों पक्ष अपने-अपने पूर्वजों के नाम पर विद्यालय का नाम रखने की मांग को लेकर अड़े हुए थे और लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को एसडीएम भिकियासैंण रिंकू बिष्ट ने दोनों पक्षों को तहसील परिसर में वार्ता के लिए बुलाया। बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा का सम्मान करते हुए विद्यालय का नाम स्व. अंबा दत्त के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया।